तमिलनाडु में विजय की सरकार पर सस्पेंस: DMK ने विधायकों को चेन्नई बुलाया, AIADMK के 28 MLA रिसॉर्ट में शिफ्ट

दिल्ली। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस लगातार बढ़ता जा रहा है। विजय की पार्टी टीवीके सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन जुटाने में लगी हुई है, लेकिन राज्यपाल ने फिलहाल उनके दावे को स्वीकार नहीं किया है।

राज्यपाल ने विजय से 118 विधायकों के हस्ताक्षर के साथ बहुमत साबित करने को कहा है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी अन्य दल को सरकार बनाने का न्योता नहीं दिया जाएगा।

इधर, टीवीके ने बहुमत जुटाने के लिए वामपंथी दलों, वीसीके और आईयूएमएल से बातचीत तेज कर दी है। दूसरी ओर डीएमके ने अपने सभी विधायकों को 10 मई तक चेन्नई में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में बड़ा राजनीतिक फैसला लिया जा सकता है। सरकार गठन के बीच AIADMK के 28 विधायकों को पुदुचेरी के एक रिसॉर्ट में ठहराया गया है। ये विधायक वरिष्ठ नेता सीवी शनमुगम के करीबी बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार टीवीके और AIADMK के बागी गुट के बीच उपमुख्यमंत्री पद और मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर चर्चा चल रही है, जबकि पार्टी महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी इस फॉर्मूले के खिलाफ बताए जा रहे हैं।

वहीं, DMK विधायक दल की बैठक में चार अहम प्रस्ताव पारित किए गए। पार्टी ने जनता और सहयोगी दलों का आभार जताया और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को मौजूदा हालात में जरूरी फैसले लेने के लिए अधिकृत किया। साथ ही कांग्रेस पर गठबंधन तोड़ने और पुराने राजनीतिक रवैये पर लौटने का आरोप लगाया गया।

उधर, असम में नई सरकार का शपथ ग्रहण 12 मई को गुवाहाटी में होगा। भाजपा नीत एनडीए ने राज्य में 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है।

Exit mobile version