टीचर की पिटाई से छात्र के कान 80% तक डैमेज: राजनांदगांव में शिक्षिका गिरफ्तार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षिका की पिटाई से 7वीं कक्षा के छात्र की सुनने की क्षमता 70-80 प्रतिशत तक प्रभावित हो गई। घटना डोंगरगढ़ के खालसा पब्लिक स्कूल की है, जिसके बाद आरोपी शिक्षिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई 2025 को कक्षा 7वीं का छात्र सार्थक सहारे स्कूल में था। सोशल साइंस की टीचर प्रियंका सिंह ने उसे किताब निकालने के लिए कहा, लेकिन देरी होने पर गुस्से में आकर 3-4 जोरदार थप्पड़ जड़ दिए। छात्र ने बताया कि वह ठीक से सुन नहीं पाया था, इसलिए दोबारा पूछ रहा था, जिससे शिक्षिका नाराज हो गईं।
घर लौटने के बाद छात्र ने परिजनों से शिकायत की कि उसे सुनाई नहीं दे रहा। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कान में गंभीर अंदरूनी चोट की पुष्टि की। बाद में उसे राजनांदगांव और फिर रायपुर के अस्पताल में इलाज के लिए रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी सुनने की क्षमता काफी हद तक प्रभावित हुई है और इलाज लंबा चल सकता है।
परिजनों ने शिक्षिका पर पहले भी छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। अन्य छात्रों ने भी बताया कि वह अक्सर बच्चों के साथ कठोर व्यवहार करती थीं।
पीड़ित परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। वहीं स्कूल प्रबंधन ने कहा कि यदि शिक्षिका दोषी पाई जाती हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी शिक्षिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल छात्र का इलाज जारी है और परिजन उसे न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।



