कोरबा। कोरबा जिले में राशन वितरण कार्य में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य विभाग द्वारा कराई गई जांच में ग्राम पंचायत कोरकोमा, खोड्डल और पटपरा की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। इसके बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जांच में कोरकोमा स्थित दुकान में करीब 197.45 क्विंटल चावल और 22.82 क्विंटल नमक के व्यपवर्तन का मामला उजागर हुआ है। इसके अलावा लगभग 435 राशन कार्डधारियों को तय समय पर राशन नहीं दिया गया। इस गंभीर लापरवाही पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर प्रकरण दर्ज किया गया है।
खोड्डल की दुकान में भी 334.98 क्विंटल चावल और 6 क्विंटल शक्कर की गड़बड़ी सामने आई है। यहां दुकान का नियमित संचालन नहीं होना और सीमित दिनों में ही वितरण करना भी जांच में सही पाया गया। इस पर छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वहीं पाली विकासखंड के पटपरा में स्थिति और भी चिंताजनक रही। जांच में पाया गया कि करीब 422 हितग्राहियों का बायोमेट्रिक सत्यापन होने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। इस मामले में थाना पाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
खाद्य विभाग ने बताया कि मार्च 2026 में भंडारण में देरी और एई-पीडीएस सर्वर मेंटेनेंस के कारण कुछ स्थानों पर वितरण प्रभावित हुआ था। अब अप्रैल माह में अवितरित राशन के वितरण के लिए विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
