जनकल्याणकारी नीतियों से मजबूत हो रही प्रदेश की अर्थव्यवस्था: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 राज्य की संतुलित, सशक्त और विकासोन्मुख अर्थव्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी नीतियों, किसान-हितैषी फैसलों, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन और सेवा क्षेत्र के विस्तार से प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) प्रचलित भावों पर लगभग 6.31 लाख करोड़ रुपए आंका गया है, जिसकी वृद्धि दर 11.57 प्रतिशत अनुमानित है।

यह राष्ट्रीय औसत से अधिक है और दर्शाता है कि कृषि, उद्योग और सेवा—तीनों क्षेत्रों में संतुलित प्रगति हो रही है।

कृषि क्षेत्र में 12.53 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताते हुए मुख्यमंत्री ने इसे किसानों की मेहनत, तकनीकी नवाचार, सिंचाई विस्तार और सरकार की योजनाओं का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि समृद्ध किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

औद्योगिक क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है और राज्य की अर्थव्यवस्था में उद्योग का योगदान लगभग 49 प्रतिशत बताया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसरों में वृद्धि से प्रदेश औद्योगिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।

सेवा क्षेत्र में 13.15 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

प्रति व्यक्ति आय 1.79 लाख रुपए तक पहुंचने का अनुमान है, जो 10.07 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य हर परिवार की आय बढ़ाना और समृद्धि को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Exit mobile version