पुरी। ओडिशा के पुरी में रविवार सुबह जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तड़के करीब 4 बजे गुंडिचा मंदिर के सामने भगवान जगन्नाथ के नंदीघोष रथ के पास भारी भीड़ में भगदड़ मच गई। इस दुखद घटना में 3 श्रद्धालुओं बसंती साहू (36), प्रेमकांति महांति (78) और प्रभाती दास की मौत हो गई। 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 6 की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के रथ के दर्शन के लिए मंदिर के पास बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। भगदड़ में कई लोग गिर पड़े और कुचल गए। घायलों को तुरंत पुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां मृतकों के परिजन गमगीन नजर आए। भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ पहले ही गंतव्य स्थान पर पहुंच चुके थे। इसके बाद भगवान जगन्नाथ का नंदीघोष रथ गुंडिचा मंदिर पहुंचा।
यह पहला हादसा नहीं है। शुक्रवार (27 जून) को भी रथयात्रा के दौरान देवी सुभद्रा के रथ के पास भीड़ के दबाव से 625 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई थी, जिनमें से 70 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रथयात्रा की शुरुआत शुक्रवार शाम 4 बजे हुई थी और शनिवार को भी भक्तों ने श्रद्धा के साथ रथ खींचे। लेकिन रविवार का हादसा पूरे आयोजन पर दुख की छाया छोड़ गया है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।