वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैम्पियनशिप 2025 का समापन समारोह रायपुर में सम्पन्न
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैम्पियनशिप 2025 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह भव्य रूप से सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने देश के 28 राज्यों से आए लगभग 1200 खिलाड़ियों और 300 कोचों का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि, प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक इतिहास की जानकारी दी।
शक्ति और दृढ़ संकल्प से परिपूर्ण बनाते है खेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि किक बॉक्सिंग जैसे खेल युवाओं को साहस, शक्ति और दृढ़ संकल्प से परिपूर्ण बनाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत का मंत्र देते हुए कहा कि खेल जीवन को संतुलित और लक्ष्यमुखी बनाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया योजना से जोड़कर शहरी और ग्रामीण खिलाड़ियों को समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ओलंपिक जैसे आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 से 3 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत खेल मैदानों का उन्नयन, उपकरणों की व्यवस्था और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
खेल आत्मरक्षा और शारीरिक विकास का आधार
समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खेलों को आत्मरक्षा और शारीरिक विकास का आधार बताया। महापौर मीनल चौबे, वाको इंडिया के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, छत्तीसगढ़ किक बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष छगन मुंदड़ा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। पंजाब ने 22 स्वर्ण पदकों के साथ चैम्पियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। महाराष्ट्र द्वितीय और तमिलनाडु तृतीय रहा। छत्तीसगढ़ ने कुल 58 पदकों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर छठवाँ स्थान प्राप्त किया, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।