रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अंतरिक्ष केंद्र युवाओं के सपनों को पूरा करने की प्रयोगशाला बनेगी और यह छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिक भविष्य की मजबूत नींव है।
नवा रायपुर के राखी में जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी के तहत प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस पहल का विस्तार किया जाएगा और प्रदेश के सभी जिलों में अंतरिक्ष संगवारी केंद्र खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि वे युवाओं के लिए प्रेरणा के प्रतीक हैं।
उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि यह केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि वह स्थान है जहां बच्चे विज्ञान को प्रयोग और अनुसंधान के माध्यम से समझेंगे। जशपुर के बच्चों द्वारा रॉकेट निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी प्रतिभा से भरपूर है, जरूरत सिर्फ अवसर देने की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान अब करियर और रोजगार का बड़ा क्षेत्र बन चुका है। इस केंद्र से सैटेलाइट निर्माण, ट्रैकिंग, मौसम पूर्वानुमान और क्लाउड मैपिंग जैसे क्षेत्रों में बच्चों को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इससे कृषि, सुरक्षा और तकनीक आधारित रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि यह अंतरिक्ष यात्रा केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे भारतवासियों की है और हर बच्चे का अंतरिक्ष यात्रा का सपना पूरा होगा।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों को मेहनत, संयम और आत्मविश्वास का संदेश दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष केंद्र की शुरुआत दूरदर्शी कदम है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बच्चों से बड़े सपने देखने और विज्ञान से दोस्ती करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मंत्रीगण, विधायक, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
