घर के आंगन में दफनाई दामाद की लाश, राज छिपाने के लिए पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर किया ये काम

जिले से खौफनाक वारदात सामने आई है। आरोप है कि अपने ससुराल गए एक शख्स की यहां हत्या करके उसके शव को घर के आंगन में ही दफना दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस भी लाश दफनाने के तरीके को देखकर चौंक गई। इसके बाद जमीन को खोदकर शव को बाहर निकाला गया। मृतक के शरीर पर लाल निशान पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, जिले के तरारी थाना क्षेत्र के इटिम्हा गांव में सोमवार रात यह वारदात हुई। यहां ससुराल आए दामाद की हत्या कर दी गई। इसके साथ ही साक्ष्य मिटाने के लिए शव को घर के आंगन में ही दफना दिया।

मृतक 24 वर्षीय मिथुन गिरी अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तार गांव निवासी कमलेश गिरी उर्फ भिखारी गिरी का पुत्र था। वह ट्रक चलाता था। मृतक की गर्दन पर जख्म के अलावा कान-नाक से खून बहने और पूरे शरीर में लाल रंग के धब्बे के निशान मिले हैं। मृतक के पिता ने बहू, उसके कथित प्रेमी और साले सहित चार लोगों पर अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या कर शव को आंगन में दफनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि शुरूआती पूछताछ में मृतक की पत्नी ने घर के आंगन में शव दफनाने की बात स्वीकारी है। लेकिन, हत्या करने की बात से इनकार किया है। मिथुन गिरी चार दिन पहले अपने ससुराल तरारी के इटिम्हा गांव आया था। उसकी पत्नी नेहा देवी पहले से ही मायके में थी। मृतक के पिता का आरोप है कि बहू नेहा का उसके ही गांव के कंपाउंडर बबलू से शादी से पहले से अवैध संबंध था। इसका विरोध मिथुन करता था। आरोप है कि इस बीच बहू नेहा ने अपने प्रेमी बबलू, भाई दीपक एवं मां के बिंदा देवी के साथ मिलकर मिथुन की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को अपने घर के ही आंगन में जमीन खोदकर दफना दिया। मंगलवार को सूचना मिलते ही तरारी थानाध्यक्ष प्रदीप भास्कर घटनास्थल पर पहुंचे और आंगन से शव बरामद किया।

जहां दफनाया पति का शव वहां लगा दिया फूल का पौधा

तरारी थाना पुलिस जब इटिम्हा गांव स्थित मृतक के ससुराल पहुंची तो आंगन में जहां पर शव दफनाया गया था, वहां पर फूल का पौधा लगा हुआ था। किसी को शक नहीं हो, इसके लिए ऐसा किया गया था। पिता का आरोप है कि दो माह पूर्व जब मिथुन अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था, उस समय भी आरोपियों ने उसे मारने का प्रयास किया था।

Exit mobile version