अब तक 17.24 लाख टोकन से 87 लाख टन धान की हुई खरीदी, 7,771 करोड़ रुपए का भुगतान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य लगातार जारी है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में 2,739 खरीदी केन्द्रों के माध्यम से धान की खरीदी सुगमता पूर्वक की जा रही है। इस वर्ष धान की खरीदी 15 नवम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी।

इस वर्ष 27.40 लाख किसानों द्वारा कुल 34.39 लाख हेक्टेयर रकबे का पंजीयन किया गया है। पिछले वर्ष 25.49 लाख किसानों ने 28.76 लाख हेक्टेयर रकबे से धान विक्रय किया था। इस प्रकार 7.5 प्रतिशत अधिक किसानों और 19 प्रतिशत अधिक रकबे का पंजीयन हुआ है। भूमिहीन, डूबान क्षेत्र, वन अधिकार पट्टाधारी और ग्राम कोटवार श्रेणी के किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन से छूट दी गई है।

किसानों की सुविधा के लिए “तुहर टोकन” एप्प में 24 घंटे टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। अब तक 17.24 लाख टोकन जारी कर 87 लाख टन धान खरीदा गया है। किसानों को 7,771 करोड़ रुपए का भुगतान समर्थन मूल्य के तहत त्वरित किया जा चुका है।

अवैध धान परिवहन और विक्रय पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिलों में राजस्व, खाद्य, सहकारिता, वन और मंडी विभाग के अधिकारियों द्वारा विशेष चेकिंग दल बनाए गए हैं। राज्य स्तर पर मार्कफेड के अंतर्गत स्टेट इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (ICCC) की स्थापना की गई है। अब तक 2,000 से अधिक अवैध धान परिवहन/भंडारण के प्रकरण बनाये गए और 1.93 लाख टन अवैध धान जब्त किया गया है।

Exit mobile version