हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी, उत्तर भारत में बदला मौसम;दिल्ली में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट

दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई।

लाहौल-स्पीति और मनाली में पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। इसी तरह जम्मू और कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और गुरेज जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग और बांदीपोरा-गुरेज मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से हुआ है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिला। हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि चंडीगढ़ में भी मौसम सुहावना रहा। नई दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 36.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा, लेकिन मौसम विभाग ने सोमवार के लिए आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

दक्षिण भारत में भी मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। आंध्र प्रदेश में जहां एक ओर बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। रविवार को राज्य के 78 स्थानों पर तापमान 40°C से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 31 मार्च को मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में बिजली गिरने और पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी की आशंका जताई गई है। मौसम में यह उतार-चढ़ाव आने वाले दिनों में भी जारी रह सकता है।

Exit mobile version