रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए।
नई सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
छत्तीसगढ़ में इससे पहले नितिन नवीन प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश प्रभारी का पद खाली था। अब केंद्रीय नेतृत्व ने स्मृति ईरानी को यह जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी की नई सूची में छत्तीसगढ़ के लिए स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के नाम दर्ज हैं।
स्मृति ईरानी को हाल ही में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महासचिव की जिम्मेदारी मिली थी। अब उन्हें दो राज्यों का संगठनात्मक प्रभार दिया गया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार होने के कारण प्रदेश संगठन, सरकार और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय में प्रभारी की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। पार्टी की बैठकों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और आगामी रणनीति में भी उनकी जिम्मेदारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को भी जिम्मेदारी
भाजपा ने छत्तीसगढ़ के नेताओं को भी दूसरे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी हैं। पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात का सह-प्रभारी बनाया गया है, जबकि अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है।
नई नियुक्तियों के तहत सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक का प्रभार सौंपा गया है।
स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद अब प्रदेश भाजपा संगठन में केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर उनकी भूमिका अहम रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी नई जिम्मेदारी मिलने पर स्मृति ईरानी को बधाई दी है।
