शेयर ट्रेडिंग–ऑनलाइन जॉब के नाम पर 1.80 करोड़ की ठगी, 11 इंटर स्टेट ठग गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 इंटर स्टेट ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक इन ठगों के खिलाफ देश के 66 थानों और साइबर सेल में केस दर्ज हैं। छत्तीसगढ़ में इन्होंने कुल 1 करोड़ 80 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र से 5, उत्तर प्रदेश से 2, जबकि तेलंगाना, मध्यप्रदेश, राजस्थान और ओडिशा से 1-1 आरोपी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और फर्जी ऐप्स के जरिए निवेश और ऑनलाइन जॉब का झांसा देता था।

रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठगी के पांच बड़े मामले सामने आए हैं। राखी थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 89 लाख, आमानाका में 26 लाख, तेलीबांधा में 32 लाख, विधानसभा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन जॉब के नाम पर 15 लाख और रेंज साइबर थाना क्षेत्र में 18 लाख रुपए की ठगी की गई। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत केस दर्ज किए गए हैं।

पुलिस जांच में बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप डेटा और डिजिटल लेन-देन का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की गई। गिरोह के सदस्य फर्जी बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम को कई लेयर में घुमाते थे, ताकि पैसे का सोर्स छिपाया जा सके। कुछ आरोपी सोशल मीडिया पर प्रमोशनल वीडियो और मैसेज वायरल कर नए लोगों को जाल में फंसाते थे।

रायपुर पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और ठगी की रकम रिकवर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग या ऑनलाइन जॉब के नाम पर मिलने वाले लालच से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से दूर रहें।

Exit mobile version