दिल्ली। देशभर में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। करीब 22 राज्यों में शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका पचमढ़ी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं और कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
राजस्थान में भी सर्दी ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है। पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चल रही है।
सीकर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में खेतों पर ओस जम गई है और सुबह घना कोहरा छाया रहा।
उत्तर प्रदेश में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ समेत 50 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य रही, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। कोहरे की वजह से लखनऊ समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 100 से अधिक ट्रेनें 2 से 10 घंटे तक लेट चल रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ेगी। 27 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाने की संभावना है।
वहीं 28 दिसंबर को ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे रातें और ज्यादा सर्द होंगी। कई इलाकों में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बन सकती है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिसका असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
