उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड: गंगोत्री में -22°C, नदियां जमीं; कई राज्यों में कोहरा-शीतलहर, फ्लाइट्स प्रभावित

दिल्ली। देशभर में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से काफी नीचे चला गया है, जबकि मैदानी राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री क्षेत्र में न्यूनतम तापमान माइनस 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण ठंड के कारण भागीरथी नदी पूरी तरह जम गई है। इसके साथ ही केदार गंगा, ऋषिकुर नाला, पागल नाला, चीड़बासा नाला और अन्य झरने भी बर्फ में तब्दील हो गए हैं। पिथौरागढ़ और आसपास के इलाकों में बर्फबारी से रास्ते बंद हो गए हैं। हरिद्वार में तापमान 9 डिग्री तक गिर गया, इसके बावजूद श्रद्धालु हर की पौड़ी में गंगा स्नान करते नजर आए।

राजस्थान में ठंड का असर और तेज हो गया है। रविवार को 5 जिलों में शीतलहर और 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के माउंट आबू में लगातार दूसरे दिन तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर का फतेहपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। 14 जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम रही, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

मध्य प्रदेश में इस सीजन का सबसे लंबा कोहरा देखने को मिला। भोपाल में पहली बार पूरे दिन घना कोहरा छाया रहा। प्रदेश के 11 शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 15 दिनों तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में भी रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित होने की आशंका जताई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जनवरी को पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और 6 जनवरी को मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड और बढ़ सकती है।

Exit mobile version