सेप्टिक टैंक हादसा: राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने लिया संज्ञान, उपाध्यक्ष हरदीप सिंह करेंगे जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण हॉस्पिटल के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाई कर्मचारियों की दर्दनाक मौत के मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया है। आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल बुधवार को रायपुर पहुँच चुके हैं और वे इस पूरे मामले की विस्तृत जांच करेंगे।

परिजनों से मुलाकात और घटनास्थल का निरीक्षण

उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल गुरुवार सुबह 9 बजे भाटागांव BSUP कॉलोनी पहुँचकर मृतक कर्मचारियों के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से चर्चा कर घटना की परिस्थितियों और उनके पुनर्वास संबंधी विषयों पर जानकारी ली।

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान हरदीप सिंह गिल राज्य प्रशासन और स्थानीय नगर निगम के उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में प्रदेश में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, सुरक्षा उपायों की वर्तमान स्थिति और हाथ से मैला ढोने की प्रथा के पूर्ण उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

Exit mobile version