सेंसेक्स में 250 अंक की तेजी, निफ्टी 23,950 के पार: FMCG और IT शेयरों में खरीदारी से बाजार मजबूत

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को तेजी देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 250 अंक की बढ़त के साथ 76,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी लगभग 100 अंकों की मजबूती दर्ज की गई है और यह 23,950 के स्तर के आसपास बना हुआ है।

बाजार में आज सबसे ज्यादा खरीदारी एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिल रही है। निवेशकों का रुझान इन क्षेत्रों के बड़े शेयरों की ओर बढ़ा है, जिससे प्रमुख सूचकांकों को मजबूती मिली है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक संकेतों और विदेशी बाजारों की चाल का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।

एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला कारोबार रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 131 अंक की बढ़त के साथ 8662 के स्तर पर रहा। वहीं जापान का निक्केई इंडेक्स 83 अंक की गिरावट के साथ 69,234 पर कारोबार करता दिखा। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स भी 318 अंक टूटकर 24,525 के स्तर पर रहा।

इससे पहले अमेरिकी बाजारों में शुक्रवार को मजबूत तेजी दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स इंडेक्स 469 अंक चढ़कर 51,671 के स्तर पर बंद हुआ था। नैस्डैक में 795 अंकों की बड़ी बढ़त रही और यह 26,684 पर पहुंच गया। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 123 अंक बढ़कर 7,554 के स्तर पर बंद हुआ।

विदेशी निवेशकों की बात करें तो पिछले सात कारोबारी दिनों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने भारतीय बाजार से 4,994 करोड़ रुपए की निकासी की है। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस दौरान 15,879 करोड़ रुपए की खरीदारी की है, जिससे बाजार को सहारा मिला है।

इससे पहले सोमवार को भी शेयर बाजार में तेजी रही थी। सेंसेक्स 736 अंक चढ़कर 76,264 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में 231 अंकों की बढ़त दर्ज की गई थी और यह 23,853 के स्तर पर बंद हुआ था। निवेशकों की नजर अब वैश्विक बाजारों की दिशा, कच्चे तेल की कीमतों और आगामी आर्थिक संकेतकों पर बनी हुई है।

Exit mobile version