रायपुर। रायपुर के भाठागांव इलाके में सब्जी बाजार हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बाजार हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और निगम कर्मचारियों के साथ हाथापाई की स्थिति बन गई। घटना में नगर निगम के 4-5 कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। विवाद के दौरान एक पुलिस जवान के भी घायल होने की खबर है।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद नगर निगम की टीम पुरानी बस्ती थाने पहुंची। निगम कर्मचारियों की ओर से मामले में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
सब्जी बाजार हटाने पहुंची थी टीम
जानकारी के मुताबिक भाठागांव इलाके में सड़क और आसपास के हिस्से में लगे सब्जी बाजार को हटाने के लिए नगर निगम की टीम पहुंची थी। टीम कार्रवाई कर रही थी, इसी दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। बाजार हटाने को लेकर निगम कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच बहस होने लगी।
कुछ देर बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान निगम के 4-5 कर्मचारियों को चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
थाने पहुंची निगम टीम, एफआईआर की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इलाके में किसी तरह की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया। घटना के बाद निगम कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई।
निगम की टीम पुरानी बस्ती थाने पहुंची और मारपीट करने वालों के खिलाफ शिकायत की तैयारी शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद घटना की जांच की जाएगी। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी कर रही है।
देखे वीडियो…
