अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 महिलाओं को कुचल दिया। इस हादसे में 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना नेशनल हाईवे-130 पर भिट्ठीकला गांव के पास हुई, जो मणिपुर थाना क्षेत्र में आता है।
जानकारी के अनुसार, जोगी बांध की रहने वाली महिलाएं साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 15 EH 8874) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रही महिलाओं को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन ने एक के बाद एक महिलाओं को टक्कर मारी और फिर भी नहीं रुकी। आगे जाकर स्कॉर्पियो सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकराकर रुकी।
हादसे में रामबाई (50), मुन्नी बाई (40) और श्यामपति (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आयुषी नाम की एक महिला घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो चालक सोनू राजवाड़े को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले किया गया। उधर, गुस्साई भीड़ ने तीनों महिलाओं के शव हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाने की कोशिश जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
