संत गाडगे बाबा ने दिया स्वच्छता ही सच्ची पूजा का संदेश: सीएम साय

रायपुर। राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्र संत शिरोमणि संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर आयोजित निर्मल दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपने जीवन से समाज को स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का उनका संदेश समाज को नई दिशा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा की प्रेरणा से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान की याद आती है।

15 अगस्त 2014 को लाल किले से इसकी शुरुआत हुई और आज यह जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान ने विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं-बहनों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान की है, क्योंकि बड़े पैमाने पर शौचालय निर्माण से उनकी गरिमा सुनिश्चित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी पहलों से गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, स्मारिका का विमोचन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों व समाजसेवियों को सम्मानित किया।

विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ सहित अनेक जनप्रतिनिधि व समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version