संजीव शुक्ला बने रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर, 15 IPS अफसरों का तबादला

रायपुर। रायपुर में पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। वर्ष 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे आईजी, बिलासपुर रेंज के पद पर पदस्थ थे। राज्य सरकार के इस फैसले को शहरी कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इसी क्रम में श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को रायपुर ग्रामीण का पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है। वहीं कांकेर में पदस्थ अमित तुकाराम कांबले (IPS-2009) को रायपुर नगरीय का अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। रायपुर के एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह को जशपुर भेजा गया है, जबकि जशपुर के एसएसपी शशिमोहन सिंह को रायगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्य तबादलों में रामगोपाल गर्ग (IPS-2007) को दुर्ग रेंज से हटाकर बिलासपुर रेंज का आईजी बनाया गया है। अभिषेक शांडिल्य (IPS-2007) को राजनांदगांव रेंज से दुर्ग रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय रायपुर में कानून-व्यवस्था संभाल रहे बालाजी राव सोमावर (IPS-2007) को आईजी, राजनांदगांव रेंज की जिम्मेदारी दी गई है। कुल मिलाकर 15 आईपीएस सहित 24 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
कमिश्नरी व्यवस्था के तहत रायपुर में डीसीपी स्तर पर भी अहम नियुक्तियां हुई हैं। उमेश प्रसाद गुप्ता को डीसीपी (मध्य), संदीप पटेल को डीसीपी (पश्चिम), मयंक गुर्जर को डीसीपी (उत्तर) रायपुर नगरीय बनाया गया है। वहीं विकास कुमार को डीसीपी (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल) और राजनाला स्मृतिक को डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) नियुक्त किया गया है।
यह नई व्यवस्था 23 जनवरी 2026 से लागू होगी। इसके तहत रायपुर के 21 थाने पुलिस कमिश्नर और 12 थाने एसपी के अधीन रहेंगे। यह मॉडल भोपाल और इंदौर की तर्ज पर लागू किया जा रहा है, जिससे शहरी और ग्रामीण पुलिसिंग को अलग-अलग और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।





