रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की अहम कैबिनेट बैठक आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में आयोजित होगी। सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। सबसे ज्यादा नजर प्रदेश की नई स्थानांतरण नीति और अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक हटाने के फैसले पर टिकी हुई है।
सूत्रों के अनुसार सरकार जल्द ही तबादलों का रास्ता खोल सकती है। ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में नई ट्रांसफर नीति को मंजूरी मिल सकती है। यदि प्रस्ताव को हरी झंडी मिलती है तो विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लंबे समय से तबादला नीति का इंतजार कर रहे अधिकारी और कर्मचारी इस बैठक पर नजर बनाए हुए हैं।
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कस्टम मिलिंग नीति और किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। सरकार खेती-किसानी से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी निर्णय ले सकती है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा राज्य सरकार आज से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सेवा की शुरुआत भी करने जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत प्रदेशवासी टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज करने के लिए वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का दावा है कि इससे आम लोगों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बनेगी।
कैबिनेट बैठक में हाल ही में संपन्न सुशासन तिहार के दौरान मिले फीडबैक और शिकायतों की भी समीक्षा हो सकती है। कर्मचारियों, किसानों और उद्योगों से जुड़े कई विभागीय प्रस्तावों पर निर्णय की संभावना को देखते हुए इस बैठक को राज्य सरकार की आगामी प्रशासनिक और जनहितकारी नीतियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
