सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन के प्री-वेडिंग फंक्शन शुरू, जामनगर में अंबानी परिवार के घर हुआ आयोजन; 5 मार्च को मुंबई में शादी

दिल्ली। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक के प्री-वेडिंग फंक्शन की शुरुआत हो गई है।

पहला आयोजन गुजरात के जामनगर में मुकेश अंबानी के आवास पर हुआ, जहां तेंदुलकर और अंबानी परिवार देसी रंग में नजर आए। इस खास मौके पर पारिवारिक और करीबी मित्रों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

फंक्शन के दौरान सचिन तेंदुलकर भावुक नजर आए। उन्होंने बेटे अर्जुन को लेकर कहा कि जब बेटा किसी लड़की को घर लाकर परिवार से मिलवाता है, तब एहसास होता है कि वह बड़ा हो गया है।

सचिन ने कहा, “अर्जुन, मुझे तुम पर गर्व है। तुम्हें ऐसा जीवनसाथी मिला है, जो तुमसे उतना ही प्यार करता है, जितना तुम उससे करते हो।” यह भावुक पल वहां मौजूद सभी लोगों के लिए बेहद खास रहा।

अर्जुन और सानिया की शादी 5 मार्च को मुंबई में होगी। दोनों की सगाई अगस्त 2025 में हुई थी। सानिया चंडोक ग्रैविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं और अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर की करीबी दोस्त भी हैं।

सानिया मुंबई में एक पैट स्पा सेंटर की डायरेक्टर हैं और उन्होंने अपने बिजनेस की शुरुआत बेहद कम निवेश से की थी।

इस मौके पर नीता अंबानी ने तेंदुलकर परिवार का स्वागत करते हुए कहा कि सचिन और उनका परिवार हमेशा से उनके दिल के करीब रहा है। उन्होंने अर्जुन और सानिया को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दीं।

खास बात यह है कि सचिन तेंदुलकर ने बेटे की शादी में नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी आमंत्रित किया है। अर्जुन और सानिया की शादी को लेकर फैंस और क्रिकेट जगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Exit mobile version