सशक्त समाज निर्माण में शिक्षा और संगठन की भूमिका अहम: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदा बाजार जिले के ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय 80वें महाअधिवेशन में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्य तिथि पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज की विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर समाजजनों द्वारा मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने मनवा कुर्मी समाज को परिश्रमी, संगठित और उन्नत कृषक परंपरा वाला समाज बताते हुए कहा कि समाज का योगदान राज्य के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

उन्होंने 80वें महाअधिवेशन की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, मेल-मिलाप और सकारात्मक निर्णयों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के गृह ग्राम चांपा में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा सशक्त समाज निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। बेटा-बेटी दोनों को समान रूप से शिक्षा से जोड़ने की समाज की पहल की उन्होंने सराहना की।

उन्होंने महिला स्वरोजगार, युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता और सामाजिक सुधार के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित, संगठित और जागरूक समाज ही प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए हैं।

समर्थन मूल्य पर 25 लाख से अधिक किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है और होली से पहले किसानों को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि दी जाएगी। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और बलौदा बाजार में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।

Exit mobile version