रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आज उत्कृष्टता अलंकरण समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। इस समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में भवाना बोहरा और लखेश्वर बघेल को वर्ष 2024 के उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं, डॉ. राकेश कुमार पाण्डेय (दैनिक भास्कर), योगेश मिश्रा और विश्वप्रकाश पुरेना (दोनों सुदर्शन न्यूज) को उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में राज्यपाल डेका ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि संसदीय परंपराओं को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा, “राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से ऊपर उठकर लोकहित और जनकल्याण को प्राथमिकता देनी चाहिए। विधानसभा की कार्यवाही को जनता तक जिम्मेदारी और ईमानदारी से पहुँचाना लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है।”
विधानसभा जीवंत और सक्रिय: डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विधानसभा जीवंत और सक्रिय है। उन्होंने कहा कि यहां 90 विधायक जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं और हर साल दो उत्कृष्ट विधायकों का चयन करना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है।
विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर: सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है। मीडिया की जिम्मेदारी और सतर्कता लोकतंत्र को मजबूत करती है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ विधानसभा ने अपनी विशिष्टता और अनुशासन के कारण राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। यहां की कार्यप्रणाली पूरे देश में मिसाल बन गई है।”
विधानसभा में मतभेद होते है, मनभेद नहीं: डॉ. महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने भी सम्मानित विधायकों और पत्रकारों को बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में मतभेद होते हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं। समारोह में मंत्री, सांसद, विधायकों समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने आभार जताया।