रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से गुरुवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष तोमन साहू ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान साहू ने राज्य के 13 जिलों में जिला रेड क्रॉस समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बैठकों का प्रतिवेदन भी राज्यपाल को सौंपा।
भेंट के दौरान तोमन साहू ने राज्यपाल को विभिन्न जिलों में रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से संचालित गतिविधियों और कार्यक्रमों के बारे में बताया। उन्होंने सोसाइटी द्वारा आयोजित किए जाने वाले आगामी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल को आमंत्रित भी किया।
राज्यपाल रमेन डेका ने शेष जिलों में भी जिला रेड क्रॉस समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस की गतिविधियों का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य युगल सिन्हा भी उपस्थित थे।
