ईमानदारी और निष्ठा से निभाई गई जिम्मेदारी देती है सकारात्मक परिणाम: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ईमानदारी और निष्ठा से निभाई गई जिम्मेदारी हमेशा सकारात्मक परिणाम देती है। जनसेवा में समर्पण से कार्य करने पर जनता का स्नेह और आशीर्वाद अवश्य मिलता है। वे मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सुशासन संवाद’ कार्यक्रम में IIM रायपुर के सुशासन फेलोशिप विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की है। ई-ऑफिस प्रणाली से शासन की कार्यप्रणाली पारदर्शी हुई है और भ्रष्टाचार के रास्ते बंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक सुशासन वही है, जब योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।

विद्यार्थियों के सवालों के जवाब में उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उठाई और जो भी दायित्व मिला, उसे निष्ठा से निभाया। यही समर्पण उन्हें पंच से मुख्यमंत्री तक लेकर आया।

2047 तक विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की भूमिका पर उन्होंने कहा कि राज्य की जीएसडीपी 5 लाख करोड़ से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य है। खनिज संपदा, वनों और मेहनतकश जनता को राज्य की ताकत बताते हुए उन्होंने युवाओं को विकास में योगदान का आह्वान किया। कार्यक्रम में सुशासन फेलोशिप की रूपरेखा प्रस्तुत की गई और मुख्यमंत्री ने कोर्स का प्रोस्पेक्टस तथा ‘अंजोर विजन डॉक्युमेंट’ का विमोचन किया।

Exit mobile version