गैस संकट के बीच छत्तीसगढ़ में राहत,सामान्य हो रही है एलपीजी आपूर्ति की स्थिति

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में रसोई गैस (एलपीजी) को लेकर उपजी चिंताएं अब कम होती नजर आ रही हैं। मार्च महीने की शुरुआत में जिस तरह से प्रदेश में गैस सिलेंडरों की बुकिंग में भारी उछाल आया था, वह अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। राज्य शासन और ऑयल कंपनियों की सक्रियता के चलते आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर लौट आई है।

बुकिंग के आंकड़ों में बड़ी गिरावट
आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में सामान्य दिनों में औसत दैनिक एलपीजी बुकिंग 74 हजार होती थी। लेकिन संकट की खबरों के बीच 6 मार्च से 16 मार्च के दौरान यह संख्या अचानक बढ़कर 1.30 लाख तक पहुंच गई थी। उपभोक्ताओं में घबराहट (Panic Booking) के चलते आए इस उछाल को नियंत्रित करने के लिए खाद्य विभाग ने मोर्चा संभाला। लगातार मॉनिटरिंग का परिणाम यह रहा कि 31 मार्च तक लंबित बुकिंग की संख्या में 1.08 लाख की बड़ी कमी दर्ज की गई है।

राज्य स्तरीय समिति कर रही है मॉनिटरिंग

खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खाद्य विभाग और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की एक राज्य स्तरीय समिति गठित की गई है। यह समिति प्रतिदिन निम्नलिखित बिंदुओं की समीक्षा कर रही है।

कालाबाजारी पर सख्त प्रहार
घरेलू गैस की किल्लत न हो, इसके लिए शासन ने दुरुपयोग रोकने हेतु कड़ी कार्रवाई शुरू की है। अब तक प्रदेश के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर 97 छापे मारे गए हैं, जिनमें 3,847 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। साथ ही, अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामले में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

कमर्शियल और औद्योगिक क्षेत्र को राहत

आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और सामुदायिक कैंटीन की व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए शासन ने कमर्शियल गैस की आपूर्ति को 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया है। इसके अलावा, महत्वपूर्ण उद्योगों को भी 20 प्रतिशत कमर्शियल गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक

गैस के साथ-साथ प्रदेश में ईंधन की स्थिति पर भी शासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। प्रदेश के सभी जिलों में स्थित कुल 2,465 पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ऑयल डिपो से सप्लाई भेजी जा रही है, जिससे कहीं भी किल्लत जैसी स्थिति नहीं है।

राज्य शासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करें, क्योंकि प्रदेश में एलपीजी और ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है।

Exit mobile version