रायपुर। छत्तीसगढ़ में मध्य और उत्तरी हिस्सों के कुछ जिलों में अगले तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। इससे आम लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा कि फिलहाल मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के समय ठंड अभी भी तेज रहेगी।
ठंड बढ़ने के कारण स्किन संबंधी समस्याओं में भी इजाफा हुआ है। मेकाहारा अस्पताल में डर्मेटोलॉजी विभाग के HOD डॉक्टर मृत्युंजय सिंह ने बताया कि इस समय औसतन 300-350 मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। मरीजों को मुख्यतः ड्राई स्किन, एक्जिमा और सोरायसिस की शिकायत है। डॉक्टर ने चेतावनी दी कि अगर इन समस्याओं पर समय पर ध्यान नहीं दिया गया तो गंभीर स्थिति बन सकती है।
पिछले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में रात का पारा 10°C या इससे नीचे पहुंच गया। मैनपाट में न्यूनतम तापमान 4°C के नीचे गिरा, जहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गईं। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3°C, पेंड्रा में 8.6°C, जगदलपुर और दुर्ग में 8.2°C, जबकि राजनांदगांव में 9.0°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 29.5°C दर्ज किया गया।
हाल ही में अंबिकापुर में खुले में सोए एक व्यक्ति की ठंड से मौत भी हुई थी। मौसम विभाग ने आज भी 19 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है और नागरिकों से सर्द हवाओं से बचाव करने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से कहा कि ठंड के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखा जाए और स्किन की समस्याओं पर तुरंत उपचार कराएं।
