ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेंट्रल जेल में आरोपियों की रील वायरल: मुलाकाती कक्ष में मोबाइल से VIDEO, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें गोलीकांड के आरोपी जेल के भीतर रील बनाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों से मिलने पहुंचे एक रिश्तेदार ने मुलाकाती कक्ष में ही मोबाइल से वीडियो शूट किया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो में ‘सीधा ठोक दू शहर में जो दादा बनता’ गाने पर एक-एक कर आरोपियों को दिखाया गया है। साथ ही कैप्शन में लिखा गया— “जल्दी आओ मामा लोग”, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।

वीडियो में दिख रहा मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत है, जो अक्टूबर 2025 में कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर हुए फायरिंग केस में जेल में बंद है। इस मामले में पुलिस ने कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से 10 आरोपी जेल में हैं, जबकि एक नाबालिग को बाल संरक्षण गृह में रखा गया है।

बताया जा रहा है कि जेल के भीतर मोबाइल ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और मुलाकातियों की जांच भी की जाती है। इसके बावजूद मोबाइल अंदर पहुंचना सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है। वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

मामले में जेल अधीक्षक ने कहा है कि वीडियो बनाने और वायरल करने वालों की पहचान की जा रही है। तकनीकी जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया गया है।

उधर, पुलिस के मुताबिक फायरिंग कांड में शामिल दो आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आगे सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

Related Articles

Back to top button