मध्यप्रदेश-गुजरात में बारिश का रेड अलर्ट; केदारनाथ रूट बंद, ओडिशा की नदियां खतरे के निशान पर

दिल्ली। देशभर में मानसून का प्रकोप तेज हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को मध्यप्रदेश, गुजरात और पूर्वी राजस्थान के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में भारी बारिश से गौरीकुंड के पास भूस्खलन हुआ, जिससे केदारनाथ यात्रा मार्ग बाधित हो गया। अब तक 1600 से अधिक तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 700 यात्रियों को निकालने का कार्य जारी है। ओडिशा के भद्रक और जाजपुर जिलों में बैतरणी और जलाका नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। बालासोर में सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।

राजस्थान के पुष्कर में भारी बारिश से सरोवर के 52 घाट जलमग्न हो गए हैं। धौलपुर जिले में स्कूलों और आंगनबाड़ियों को 28 से 30 जुलाई तक बंद कर दिया गया है। मध्यप्रदेश के 53 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है।

केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तट पर 30 जुलाई तक मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है। वहीं, झारखंड, बिहार, हरियाणा और पंजाब में भी अलग-अलग स्तर की बारिश जारी है या संभावना बनी हुई है। देशभर में बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं।

Exit mobile version