बिलासपुर। बिलासपुर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रतनपुर में चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कोटा एसडीएम की अध्यक्षता में मंदिर ट्रस्ट और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई, जिसमें सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
विशाल पार्किंग और सुगम आवागमन
हर साल होने वाली ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए इस बार पहली बार 20 एकड़ के विस्तृत क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने पार्किंग स्थल के समतलीकरण और लाइटिंग का कार्य पूर्ण कर लिया है। साथ ही, भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग रखे गए हैं, ताकि भक्तों को असुविधा न हो।
24 घंटे स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवा
गर्मी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। डॉक्टरों की तीन पालियों (8-8 घंटे) में ड्यूटी लगाई गई है और मौके पर एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी। निर्बाध बिजली आपूर्ति और पेयजल के साथ-साथ पर्याप्त पंखों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं
- निशुल्क भंडारा: गैस सिलेंडर की कमी की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने ट्रस्ट को 30 सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
- परिवहन सुविधा: पैदल आने वाले यात्रियों की वापसी के लिए 20 विशेष बसों का इंतजाम किया गया है।
- सुरक्षा व्यवस्था: पूरे क्षेत्र में पुलिस बल और कार्यपालन दंडाधिकारियों की तैनाती रहेगी। साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय व्यापारियों से सीसीटीवी कैमरों का मुख सड़क की ओर रखने का आग्रह किया गया है।
सप्तमी के अवसर पर मां महामाया के पट पूरी रात दर्शनार्थियों के लिए खुले रहेंगे। सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं ताकि चैत्र नवरात्रि का यह उत्सव हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
