वर्किंग डे पर भी ‘रामायण’ की कमाई जारी: छठे दिन 94 करोड़ का कलेक्शन, वर्ल्डवाइड आंकड़ा 823 करोड़ के पार

दिल्ली। नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।

दिवाली के बाद वर्किंग डे पर भी फिल्म की कमाई की रफ्तार कम नहीं हुई। रिलीज के छठे दिन फिल्म ने दुनियाभर में शानदार कारोबार किया और इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 823.50 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। भारत के साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, छठे दिन फिल्म ने 24,344 शोज के जरिए करीब 94.10 करोड़ रुपए का कारोबार किया। इसमें सबसे ज्यादा कमाई हिंदी बेल्ट से हुई। हिंदी वर्जन ने लगभग 76 करोड़ रुपए कमाए। इसके अलावा कन्नड़ में 7.75 करोड़, तेलुगु में 4 करोड़, तमिल में 3.60 करोड़ और मलयालम में 2.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ।

भारत में 440 करोड़ से ज्यादा की कमाई

छठे दिन के कारोबार के बाद ‘रामायण: पार्ट 1’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 440.45 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वहीं, भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 526.50 करोड़ रुपए बताया गया है। फिल्म की कमाई में हिंदी दर्शकों का सबसे बड़ा योगदान रहा है।

विदेशी बाजारों में भी फिल्म का जलवा

ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है। छठे दिन विदेशी बाजारों से करीब 35 करोड़ रुपए की कमाई हुई। इसके साथ ही ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 297 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 823.50 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है।

दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा टिकट बुकिंग से भी लगाया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को BookMyShow पर दोपहर के समय हर घंटे करीब 1.40 लाख टिकट बुक हो रहे थे। मंगलवार को भी प्रति घंटे लगभग 95 हजार टिकटों की बिक्री दर्ज की गई।

रणबीर राम, यश बने रावण

‘रामायण: पार्ट 1’ 5 नवंबर को रिलीज हुई थी। फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने माता सीता, यश ने रावण, रवि दुबे ने लक्ष्मण और सनी देओल ने हनुमान की भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने किया है। इसका दूसरा पार्ट 2028 में रिलीज होने की योजना है।

↑
Exit mobile version