नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन से सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसून का मजबूत सिस्टम सक्रिय हो गया है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, राजस्थान के जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। बिलासपुर और सोलन जिले की सीमा के पास कई जगह भूस्खलन होने के बाद 114 सड़कें बंद कर दी गई हैं। 30 जून से शुरू हुए मानसून सीजन के दौरान राज्य में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है।
ओडिशा में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने 41 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बाढ़ का असर बालासोर, मयूरभंज, भद्रक, जाजपुर, सुंदरगढ़ और क्योंझर जिलों के 429 गांवों पर पड़ा है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर देखने को मिला। लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद समेत 60 शहरों में बारिश दर्ज की गई। नोएडा और झांसी में कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई है।
यूपी में गंगा, यमुना और शारदा समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उन्नाव में बढ़ते जलस्तर के कारण कई गलियों में नाव चलानी पड़ रही है। बिहार के समस्तीपुर में भी बाढ़ का असर दिखाई दे रहा है, जहां करीब 50 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।
छत्तीसगढ़ में भी अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
