रायपुर। छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 11 जिलों राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, कांकेर, गरियाबंद, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। इसका असर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी इलाकों में दिखने लगा है। पिछले 24 घंटे में जगदलपुर, मानपुर, छोटे डोंगर और बस्तर में करीब 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इस अक्टूबर में अब तक सामान्य से 85% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 16 अक्टूबर तक औसत 42.7 मिमी वर्षा होती है, जबकि इस बार 79.1 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून सामान्य से 10-12 दिन देरी से लौटा है। प्रदेश में अब तक औसतन 1167.4 मिमी बारिश हुई है। बेमेतरा में सामान्य से 50% कम जबकि बलरामपुर में 52% अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों में न रुकने और बिजली गिरने से बचने की सलाह दी है।