देश के 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट: कश्मीर में बर्फबारी के आसार, दिल्ली में कोहरा और प्रदूषण; दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कहीं बारिश और आंधी का अलर्ट है, तो कहीं सुबह के समय कोहरा और बढ़ती ठंड का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।

इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

कश्मीर में बारिश-बर्फबारी, पहाड़ों पर बढ़ेगी ठंड

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 से 13 नवंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कश्मीर घाटी में 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी 10 से 13 नवंबर तक बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

तमिलनाडु और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 10 से 14 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10-11 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। असम और मेघालय में भी 11 नवंबर को तेज बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कोहरा, प्रदूषण से राहत नहीं

दिल्ली में मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने और सुबह मध्यम कोहरा रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम 14 से 16 डिग्री के बीच रह सकता है।

राजधानी का AQI मंगलवार सुबह 311 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। उत्तर प्रदेश और बिहार में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मध्य और पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्यतः शुष्क रह सकता है।

↑
Exit mobile version