जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, 45 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं; राजस्थान के 8 जिलों में पारा 30° पार

दिल्ली। हिमालयी क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

इन इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। IMD के मुताबिक, हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जबकि उत्तराखंड के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के सात शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान माना जा रहा है।

मैदानी राज्यों में कोहरे का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन बिहार के चंपारण, सुपौल, मधुबनी और सीतामढ़ी जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। कई जगहों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य रही।

तमिलनाडु के नीलगिरि, केरल के इडुक्की और कर्नाटक के कुछ जिलों में भी घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में कोहरे का प्रभाव अब खत्म होने की ओर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज से प्रदेश में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

वहीं राजस्थान में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कुछ इलाकों में सर्दी बनी हुई है और पाली सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर समेत आठ जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में पहाड़ी इलाकों में मौसम धीरे-धीरे साफ होगा, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी रहेगी।

Exit mobile version