दिल्ली। देशभर में मानसून का कहर जारी है। बिहार में पिछले 24 घंटे में वज्रपात (बिजली गिरने) से 17 लोगों की मौत हो गई है। नालंदा में सबसे ज्यादा 5, वैशाली में 4, बांका और पटना में 2-2, जबकि अन्य जिलों में 4 मौतें दर्ज की गईं। भारी बारिश के चलते कई जगह जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। राज्य में अब तक 110 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सरकारी और निजी संपत्ति को मिलाकर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं से कई सड़कें बंद हैं, जिनमें NH-707 प्रमुख है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है।
इस बीच, जम्मू-कश्मीर में एक दिन के ब्रेक के बाद अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से फिर शुरू कर दी गई है। भारी बारिश और बलटाल रूट पर भूस्खलन के कारण 16 जुलाई को यात्रा रोक दी गई थी। अब तीर्थयात्री दोबारा यात्रा पर निकल चुके हैं।
देशभर के कई राज्यों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, कर्नाटक और केरल में रेड अलर्ट, जबकि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों में ऑरेंज अलर्ट है। वाराणसी में गंगा उफान पर है, 1000 से ज्यादा मंदिर जलमग्न हो चुके हैं। कर्नाटक और यूपी के कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम की चुनौती अब भी बनी हुई है।