दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर अब भी जारी है। बिहार और उत्तर प्रदेश में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं, जबकि उत्तराखंड में बारिश और लैंडस्लाइड के कारण कई रास्ते बंद हुए हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
बिहार के 15 जिलों की 575 पंचायतों में करीब 50 लाख की आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। कटिहार में सरकारी स्कूल और कोचिंग सेंटर तक पानी में डूब गए हैं। कई जगह शिक्षक नाव पर बच्चों को पढ़ा रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आकाशीय बिजली और तेज हवा की चेतावनी भी दी गई है।
यूपी के 26 जिलों में बाढ़, 4 लाख प्रभावित
उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। 26 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और करीब 4 लाख लोग प्रभावित हैं। लखीमपुर में शारदा नदी का कटान तेज होने से 24 घंटे में सात मकान नदी में समा गए। सिद्धार्थनगर में बारिश के दौरान एक दीवार भी भरभराकर गिर गई।
उत्तराखंड में रास्ते बंद, केदारनाथ मार्ग पर हेलमेट
पिथौरागढ़ के आदि कैलाश मार्ग पर दोबाट में लैंडस्लाइड के बाद सड़क फिर बंद हो गई। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास सुरक्षा के लिए यात्रियों को हेलमेट पहनाकर आगे भेजा जा रहा है। चार दिन पहले हुए लैंडस्लाइड में कई घोड़े-खच्चरों की मौत हुई थी। रास्ते में पड़े शवों के कारण बदबू और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें भी सामने आई हैं।
राजस्थान-मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर
राजस्थान के 26 जिलों में 17 सितंबर तक यलो अलर्ट है। अजमेर और पाली समेत कई जिलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। मध्य प्रदेश में 17 से 19 सितंबर तक पश्चिमी और 18 से 21 सितंबर तक पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर के बाद नया सिस्टम भी सक्रिय हो सकता है।
