देश में बारिश-बाढ़ का कहर: असम में 5 लाख प्रभावित, 11 की मौत; बिहार-मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अलर्ट

दिल्ली। देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून की दस्तक के बाद हालात बिगड़ते जा रहे हैं। 29 मई को आए मानसून के बाद से असम, मणिपुर, सिक्किम, अरुणाचल और त्रिपुरा में भारी बारिश जारी है। असम में 22 जिलों के 1254 गांवों में बाढ़ से 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य की 15 नदियां उफान पर हैं, जिससे सड़क, रेल और बोट सेवा बाधित है। 165 राहत शिविरों में 31 हजार से ज्यादा लोग शरण लिए हुए हैं।

सिक्किम के लाचेंग-चुंगथांग में लैंडस्लाइड के कारण फंसे 1678 पर्यटकों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 100 से ज्यादा अब भी फंसे हैं। मंगन जिले में बाढ़ को आपदा घोषित किया गया है। यहां लैंडस्लाइड में सेना के 3 जवानों की मौत हो गई, 6 अभी लापता हैं। बिहार के सीवान में आंधी-तूफान से दीवार और पेड़ गिरने की घटनाओं में 7 लोगों की जान गई है। मध्य प्रदेश के 38 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर-चंबल में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।

त्रिपुरा में हालात थोड़ा सामान्य हुए हैं, लेकिन अब भी 66 राहत शिविरों में 10,800 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। अरुणाचल में वायुसेना ने एमआई-17 हेलिकॉप्टर की मदद से बोमजीर नदी से 14 लोगों को रेस्क्यू किया। मणिपुर में 19 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और 47 स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और बिहार में भी मौसम खराब बना हुआ है। राजस्थान के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट है। यूपी के 44 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी है। हरियाणा के 5 जिलों में ऑरेंज और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम की मार से जनजीवन प्रभावित है और राहत कार्य जारी हैं।

Exit mobile version