टोल प्लाजा पर बजरंग दल–विहिप कार्यकर्ताओं का हंगामा, तोड़फोड़

शाजापुर। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में स्थित मक्सी–रोजवास टोल प्लाजा पर सोमवार शाम बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

इस दौरान टोल प्लाजा परिसर में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही तराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय बड़ी संख्या में कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर पहुंचे और कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।

देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और कुछ युवकों ने बैरियर, कैमरे तथा अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री राजेश जादम ने बताया कि टोल प्लाजा कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं है। सोमवार को मक्सी से शाजापुर आ रही दुर्गावाहिनी की कार्यकर्ताओं की गाड़ी को टोल प्लाजा पर काफी देर तक रोके रखा गया, जिससे विवाद हुआ।

आरोप है कि कर्मचारियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि टोल प्लाजा पर सभी लेन चालू रखी जाएं ताकि वाहनों की आवाजाही में अनावश्यक देरी न हो और कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार लाया जाए।

तराना क्षेत्र के एसडीओपी भविष्य भास्कर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है और फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है।

टोल प्लाजा प्रबंधन के प्रतिनिधि अजिताभ झा ने कहा कि वे स्टाफ से जानकारी लेकर सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

हंगामे और तोड़फोड़ के बावजूद टोल प्लाजा से वाहनों का आवागमन जारी रहा। हालांकि घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शिकायत मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version