रायगढ़ में बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 102 संदिग्ध हिरासत में, फरार आरोपी भी गिरफ्तार

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर रायगढ़ में आज सुबह एक बड़ा कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला की अगुवाई में डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह सहित छह थाना प्रभारियों, रक्षित बल और थाना स्टाफ ने संयुक्त रूप से कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल क्षेत्र में दबिश दी।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 102 संदिग्ध और फरार वारंटियों को हिरासत में लिया। इनमें से 25 लोगों को बीएनएस की धाराओं 170, 126 और 135 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। वहीं 52 लोगों पर अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की गई।

इस ऑपरेशन में पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे 6 वारंटियों को पकड़ने में भी सफलता मिली। इसके अलावा एक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। चक्रधरनगर क्षेत्र से दो संदिग्धों के पास से एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

अवैध शराब की सूचना पर दबिश देकर 5 आरोपियों को शराब के साथ पकड़ा गया और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। दो नाबालिग भी पकड़े गए हैं जिन पर कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस अभियान में शहर के सभी प्रमुख थाना प्रभारी, रक्षित बल और विशेष टीमें शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों पर सतत निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version