खमतराई में हुक्का-ई सिगरेट के गोदाम पर रेड: 25 लाख की प्रतिबंधित सामग्री जब्त, मैनेजर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खमतराई क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने न्यू गोंदवारा बस्ती स्थित एक गोदाम में दबिश देकर ई-सिगरेट, हुक्का और हुक्का से जुड़ी प्रतिबंधित सामग्रियों का भारी जखीरा बरामद किया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में गोदाम के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, 31 जनवरी 2026 की रात सूचना मिली थी कि न्यू गोंदवारा बस्ती के एक गोदाम में प्रतिबंधित सिगरेट, हुक्का और उससे संबंधित सामान का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने गोदाम पर छापा मारा। मौके पर एक व्यक्ति मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम प्रबोध शर्मा (56 वर्ष), निवासी कबीर नगर बताया और खुद को गोदाम का मैनेजर होना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ई-सिगरेट, हुक्का, कोल, फ्लेवर और अन्य सामग्री बरामद हुई। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कंप्यूटर सिस्टम और दस्तावेजों सहित सामग्री जब्त की। थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 67/26 के तहत COTPA Act 2003 (संशोधन 2023) और ई-सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 की धारा 7, 8 में केस दर्ज किया गया है।

पूछताछ में प्रबोध ने बताया कि गोदाम व सामग्री के मालिक आकाश तलरेजा (शंकर नगर-पंडरी) और नितिन सभागचंदानी (डीडी नगर) हैं। प्रतिबंधित सामान पुणे (महाराष्ट्र) से लाकर रायपुर में मांग के अनुसार सप्लाई किया जाता था। दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जब्त सामग्री में 70 कार्टून कोकोनट कोल, 40 कार्टून मैजिक कोल, 78 डिब्बे ई-सिगरेट, 34 हुक्का, 110 बोंग, 100 बोंग पाइप, हुक्का फ्लेवर, एल्यूमिनियम फ्वाइल, हुक्का पाइप समेत अन्य सामग्री शामिल है।

Exit mobile version