राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की दक्षिण भारत में एंट्री, चेन्नई में आज छठा कार्यक्रम

चेन्नई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के छठे कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कोटा, देहरादून, प्रयागराज, पुणे और इंदौर के बाद पहली बार यह कार्यक्रम दक्षिण भारत में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य फोकस दक्षिण भारत के 15 से 29 वर्ष की उम्र के करीब 7.5 करोड़ युवाओं पर रहेगा। कार्यक्रम शाम 4:30 बजे चेन्नई के आइलैंड ग्राउंड्स में शुरू होगा।

अभियान के जरिए राहुल गांधी शिक्षा, बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव जैसे मुद्दे उठा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभियान के पिछले पांच कार्यक्रमों में करीब 1.54 लाख लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्यूआर कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है।

देश में 36.74 करोड़ युवा

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में देश में 15 से 29 साल की उम्र के करीब 36.74 करोड़ युवा हैं। यह कुल आबादी का लगभग 26% हिस्सा है। वहीं, चुनाव आयोग के अनुसार, 2024 के लोकसभा चुनाव में 18 से 29 साल के मतदाताओं की हिस्सेदारी 22.78% थी। ऐसे में युवा मतदाता राजनीतिक दलों के लिए अहम हैं।

पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे (PLFS) 2025 के अनुसार, देश में 15 से 29 वर्ष के युवाओं की बेरोजगारी दर 9.9% है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर 8.3%, जबकि शहरी क्षेत्रों में 13.6% है। पुरुष युवाओं में बेरोजगारी दर 9.3% और महिलाओं में 11.3% दर्ज की गई।

तमिलनाडु की राजनीति के लिहाज से अहम दौरा

राहुल गांधी का चेन्नई दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तमिलनाडु दौरे से एक दिन पहले हो रहा है। मोदी 11 अक्टूबर को राज्य पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रम में चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के कॉरिडोर-4 का उद्घाटन भी शामिल है।

तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने डीएमके से अलग होकर मुख्यमंत्री थलपति विजय की पार्टी TVK को समर्थन दिया। TVK सरकार में कांग्रेस के दो विधायक मंत्री हैं। ऐसे में राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को युवाओं के बीच कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने और राज्य में नए राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

↑
Exit mobile version