दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर करीब 53 सेकेंड का वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में राहुल गांधी एक कार की पेट्रोल टंकी खोलते और उसके ढक्कन को देखते नजर आए। ढक्कन पर E20 लिखा हुआ दिखाई दे रहा था।
वीडियो में राहुल गांधी ने कहा, “नॉर्मली हम कहते हैं कि दाल में काला है, लेकिन यहां पूरी दाल ही काली है।” उन्होंने आरोप लगाया कि देश में करप्शन की लाइन लगी हुई है और E20 ईंधन भी इसी तरह का एक मामला है।
राहुल गांधी ने कहा कि E20 ईंधन के कारण लोगों की कार और स्कूटर खराब हो रहे हैं। इसका असर लोगों के जीवन पर पड़ने के साथ उनकी जेब पर भी पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि E20 के चलते लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
राहुल ने दिखाई E20 वाली कार
राहुल गांधी ने वीडियो में जिस कार की पेट्रोल टंकी दिखाई, उसके ब्रांड और मॉडल की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, पेट्रोल टंकी के ढक्कन पर E20 लिखा साफ दिखाई दे रहा था। राहुल ने इसी के आधार पर E20 पेट्रोल को लेकर सवाल उठाए।
सरकार बोली- बेवजह विवाद पैदा किया जा रहा
राहुल गांधी के वीडियो से पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को दिल्ली में E20 को लेकर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि भारत का बायोफ्यूल ब्लेंडिंग प्रोग्राम बेहतर तरीके से काम कर रहा है और इसके परिणाम काफी अच्छे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग E20 को लेकर बेवजह विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने यह भी कहा है कि पेट्रोल में मिलाया जाने वाला एथेनॉल पूरी तरह घरेलू स्रोतों से लिया जा रहा है। सरकार ने 6 अगस्त को भारत द्वारा अमेरिका से बड़े पैमाने पर एथेनॉल आयात करने संबंधी मीडिया रिपोर्ट्स को भी खारिज किया था।
