बंगाल में राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘56 इंच वाले आंख में आंख नहीं मिला सकते’

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा, टीएमसी और वामदलों पर जोरदार हमला बोला। रायगंज में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि “आजकल आपने उनका चेहरा देखा है? वो मेरी आंख में आंख नहीं मिला सकते हैं।”

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मिलकर देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू द्वारा दिए गए संविधान को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगार देने में विफल रही है। राहुल ने दावा किया कि बंगाल में 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया, जबकि सरकार केवल 5 लाख नौकरियों की बात करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी की नीतियों ने ही भाजपा के लिए राज्य में रास्ता तैयार किया है। राहुल गांधी ने कहा कि अगर राज्य सरकार ने सही तरीके से काम किया होता, तो बंगाल में भाजपा की मौजूदगी इतनी मजबूत नहीं होती।

रैली के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस के समर्थन में वोट करने की अपील करते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा की “नफरत की राजनीति” है, वहीं दूसरी ओर टीएमसी की विफलताएं हैं। ऐसे में कांग्रेस ही जनता के लिए बेहतर विकल्प बनकर उभर सकती है।

उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत बाबा साहेब आंबेडकर के नाम से करते हुए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा को सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया।

Exit mobile version