किसान की बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी: सोनीपत में युवाओं ने कहा ‘राहुल भाई राम-राम’, परिवार संग चूरमा खाया

दिल्ली। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे। यह वही किसान संजय हैं, जिनके खेत में राहुल गांधी ने वर्ष 2023 में ट्रैक्टर चलाया था और धान की रोपाई भी की थी।

सुबह करीब पौने 11 बजे राहुल गांधी गांव पहुंचे। जैसे ही वे अपनी कार से उतरे, उनके हाथ से मोबाइल फोन गिर गया। उन्होंने झुककर उसे उठाया और आगे बढ़े। इस दौरान रोहतक से कांग्रेस सांसद दिपेंद्र सिंह हुद्दा समेत कई नेता और परिवार के लोग उनका स्वागत करने के लिए मौजूद थे। राहुल गांधी का हरियाणवी पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया।

जब राहुल गांधी शादी वाले घर की ओर बढ़ रहे थे, तब दरवाजे पर खड़े युवाओं ने जोर से कहा—“राहुल भाई राम-राम।” इस पर राहुल गांधी ने मुस्कराते हुए हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और अंदर चले गए।

राहुल गांधी करीब आधा घंटा शादी समारोह में रुके। इस दौरान उन्होंने किसान संजय की बेटी तनु को आशीर्वाद दिया और परिवार के साथ जमीन पर बैठकर बातचीत की। घर की महिलाओं ने मंगल गीत गाए, जिन्हें राहुल गांधी ध्यान से सुनते रहे और बीच-बीच में हरियाणा की शादी की रस्मों के बारे में पूछते रहे।

परिवार की सदस्य कीर्ति जाखड़ ने बताया कि राहुल गांधी ने घर का बना चूरमा खाया और एक गिलास दूध भी पिया। यह चूरमा किसान संजय की पत्नी सुनीता देवी ने बनाया था। उन्होंने कहा कि परिवार को उम्मीद नहीं थी कि राहुल गांधी सच में शादी में पहुंचेंगे, इसलिए उनके आने से सभी लोग बेहद खुश हो गए।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने एक साधारण किसान के घर पहुंचकर अपना वादा निभाया है। किसान संजय सीमांत किसान हैं और उनके पास करीब आधा एकड़ जमीन है।

दरअसल, 8 जुलाई 2023 को राहुल गांधी अचानक गांव मदीना पहुंचे थे। उस समय उन्होंने किसान संजय के खेत में ट्रैक्टर चलाया था और किसानों के साथ बैठकर खाना भी खाया था। उसी मुलाकात के दौरान उन्होंने संजय के परिवार से संपर्क बनाए रखा था।

Exit mobile version