स्पा सेंटरों में देह व्यापार का भंडाफोड़, दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दुर्ग। शहर में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए दुर्ग पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है।

इसी क्रम में स्मृति नगर पुलिस ने दो स्पा सेंटरों में देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की टीम ने अमन ढाबा के पास संचालित लविश फैमिली स्पा एंड सेलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सेलून में दबिश देकर वहां चल रहे अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया।

सूत्रों के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मसाज के नाम पर लड़कियों से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम गठित की गई और दोनों स्पा सेंटरों पर छापा मारा गया।

कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर संचालिका अहिल्या सागरवंशी पति दिग्विजय सागरवंशी (36 वर्ष), निवासी सिकोला भाठा जयंती नगर, दुर्ग और अकुश ईखार पिता कृष्णा ईखार (29 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्पा सेंटरों में मसाज की आड़ में गैर-कानूनी गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं, जिन पर तत्काल रोक लगाना आवश्यक था। मौके से महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री भी जब्त की गई है।

इस संयुक्त कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम, उपनिरीक्षक संगीता मिश्रा, म. आर. यमिता साहू, पुष्पा तिवारी, सउनि गौरखनाथ चौधरी और आरक्षक कमल नारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में ऐसे अवैध सेंटरों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version