दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दक्षिण भारत के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं, जहाँ वे तमिलनाडु और पुडुचेरी में बुनियादी ढांचे, रेलवे और कनेक्टिविटी से जुड़ी 7,100 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे पुडुचेरी पहुँचेंगे, जहाँ वे 2,700 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके पश्चात, वे मदुरै में ₹4,400 करोड़ से अधिक के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण करेंगे।
इन योजनाओं का करेंगे उद्धाटन
- रेलवे विस्तार: राज्य में नवनिर्मित 8 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन।
- चेन्नई कनेक्टिविटी: चेन्नई बीच-चेन्नई एग्मोर के बीच चौथी रेलवे लाइन राष्ट्र को समर्पित।
- सड़क नेटवर्क: NH-332A (मरक्कनम-पुडुचेरी) और NH-87 (परमकुडी-रामनाथपुरम) के फोर-लेनिंग कार्य का शिलान्यास।
- प्रसार भारती: कुंभकोणम, येरकॉड और वेल्लोर में तीन नए आकाशवाणी FM रिले ट्रांसमीटरों का शुभारंभ।
तिरुप्परनकुंद्रम मंदिर में दर्शन और विवाद का समाधान
शाम करीब 4 बजे प्रधानमंत्री मदुरै के पास स्थित ऐतिहासिक अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। यह मंदिर भगवान मुरुगन के छह पवित्र निवास स्थानों में से एक है।
यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में यह स्थल दीपस्तंभ (दीपथून) पर दीपक जलाने को लेकर चर्चा में रहा था। मंदिर और पहाड़ी पर स्थित 17वीं शताब्दी की सिकंदर बधूषा दरगाह के बीच लंबे समय से परंपराओं को लेकर विवाद था।
न्यायालय का फैसला: मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच ने 6 जनवरी को ऐतिहासिक परंपरा को बरकरार रखते हुए पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति दी थी।
कोर्ट ने इसे “सांप्रदायिक संवाद और समन्वय का अवसर” बताते हुए स्पष्ट किया कि यह भूमि स्वामित्व का नहीं बल्कि प्राचीन धार्मिक प्रथा का मामला है। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल विकास की दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक सद्भाव के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
