राष्ट्रपति मुर्मू ने 68 हस्तियों को पद्म पुरस्कार से किया सम्मानित, पूर्व CJI खेहर और साध्वी ऋतंभरा भी शामिल

दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कारों के दूसरे चरण के तहत 68 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें पूर्व चीफ जस्टिस जगदीश सिंह खेहर को पद्म विभूषण, साध्वी ऋतंभरा को पद्म भूषण और दिवंगत लोकगायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी मौजूद रहे।

पूर्व सीजेआई खेहर को तीन तलाक को असंवैधानिक घोषित करने और निजता को मौलिक अधिकार मानने जैसे ऐतिहासिक फैसलों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं साध्वी ऋतंभरा को सामाजिक कार्यों और वंचित वर्ग के उत्थान में योगदान के लिए पद्म भूषण से नवाजा गया। शारदा सिन्हा के बेटे ने भावुक होकर मंच पर उनकी ओर से सम्मान ग्रहण किया।

इससे पहले अप्रैल में 71 हस्तियों को पद्म सम्मान मिल चुका है। गणतंत्र दिवस 2025 के पूर्व कुल 139 पुरस्कारों की घोषणा की गई थी, जिनमें 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं। पद्म श्री से सम्मानित प्रमुख नामों में संगीतकार रिकी केज, अभिनेता अशोक सराफ, फुटबॉलर आई.एम. विजयन, परंपरागत वाद्य निर्माता पंडी राम मंडावी और यूएसबी तकनीक के सह-आविष्कारक अजय वी. भट्ट शामिल हैं। पद्म पुरस्कार कला, विज्ञान, सामाजिक कार्य, चिकित्सा, शिक्षा और सेवा के विविध क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वालों को प्रतिवर्ष प्रदान किए जाते हैं।

Exit mobile version