गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर शुक्रवार रात जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवारों में भी दरारें आ गईं। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए UP ATS की नोएडा यूनिट भी जांच के लिए मौके पर पहुंची है। फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में रात करीब 9 बजे हुई। बताया गया है कि धमाका चौकी के पीछे उस जगह हुआ, जहां कबाड़ वाहन खड़े किए जाते हैं। घटना के वक्त चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे। डिलीवरी बॉय सामान पहुंचाने आया था।
धमाके की आवाज सुनकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद फील्ड यूनिट और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने जांच की। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
फोरेंसिक सैंपल आगरा भेजे गए
घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य और सैंपल जुटाए हैं। इन्हें जांच के लिए आगरा भेजा गया है। धमाके का कारण पता नहीं चलने पर अब UP ATS भी जांच कर रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
CCTV फुटेज की भी होगी जांच
पुलिस चौकी के आसपास सड़क पर लगातार आवाजाही रहती है। इसके ऊपर दिल्ली से राजनगर की ओर जाने वाला एलिवेटेड रोड भी है। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे नहीं हैं। चौकी के मुख्य गेट पर लगे कैमरे में घटना से जुड़ी कोई जानकारी रिकॉर्ड हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
